home page

जैसलमेर से साथ लाए परिचित की कार को जोधपुर में लूटा, तीन लोगों की तलाश

 | 
जैसलमेर से साथ लाए परिचित की कार को जोधपुर में लूटा, तीन लोगों की तलाश


जोधपुर, 02 अप्रैल(हि.स.)। जैसलमेर से अपने परिचित के साथ आए कार चालक को जोधपुर आकर लूट लिया गया। परिचित ने चालक को वाट्सअप कॉल कर जोधपुर चलने को कहा, फिर यहां आकर पाली रोड पर कार की चाबी छीन कर गाड़ी लेकर चंपत हो गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद कर तीन लोगों की तलाश आरंभ की है। फिलहाल कार और बदमाशों का पता नहीं लगा है। उनकी तलाश जारी है।

विवेक विहार पुलिस ने बताया कि जैसलमेर जिले के फलसूंड तहसील के मदुरासर भूरजगढ़ निवासी मिश्री खां पुत्र निजाम खां ने यह रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि 31 मार्च को उसके गांव के ही रहने वाले गुलाब सिंह का व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें उसने जोधपुर जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने को कहा। इस पर वह अपने रिश्तेदार से स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर दोपहर करीब 12.30 बजे गुलाब सिंह के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में चाबा गांव में डीजल भरवाने के बाद दोनों जोधपुर पहुंचे। यहां जोधपुर पहुंचने पर गुलाब सिंह ने चानणा भाकर में अपने दोस्तों के कमरे जाने की बात कही। वहां से उसने अपने दो साथियों को भी गाड़ी में बैठा लिया, जिन्हें वह नहीं जानता था। इसके बाद उन्होंने पाली रोड स्थित विवेक विहार तक छोडऩे की बात कही और रास्ते में गुलाब सिंह खुद गाड़ी चलाने लगा।

शाम करीब 5.30 बजे पाली हाईवे स्थित डी-मार्ट के पास गाड़ी रोककर सभी नीचे उतर गए। तब गुलाब सिंह ने जबरदस्ती गाड़ी की चाबी छीन ली और अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। गाड़ी में उसके पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक व इलाज संबंधी जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। विवेक विहार पुलिस ने बताया कि फिलहाल बदमाशों और गाड़ी का सुराग हाथ नहीं लगा है। तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश