रातानाडा बस्ती में पुलिस दल पर लाठी और पत्थर से हमला: साउण्ड बंद कराने पहुंची थी
-सबइंसपेक्टर और दो कांस्टेबल चोटिल, वर्दी फाड़ी, राजकार्य में बाधा का केस दर्ज, तीन युवक शांतिभंग में गिरफ्तार
जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। शहर के रातानाडा स्थित केसर बाग बस्ती में तेज साउण्ड बंद कराने पहुंची पुलिस पर बस्ती के युवकों ने लाठी और पत्थर से हमला कर दिया। इसमें सबइंस्पेक्टर सहित दो कांस्टेबल चोटिल हो गए। हमले के दौरान पुलिस की वर्दी भी फट गई। बाद में अतिरिक्त जाब्ता बुलाकर पुलिस ने तीन युवकों को फिलहाल शांतिभंग में पकड़ा और राजकार्य में बाधा का केस बनाया। घटना को लेकर अग्रिम कार्रवाई जारी है। घटना 18 मार्च की अलसुबह होना बताया गया है।
रातानाडा पुलिस ने बताया कि 18 मार्च की अलसुबह पुलिस नियंत्रण कक्ष से इत्तिला मिली कि केसरबाग बस्ती में तेज साउण्ड बज रहा है। इस पर थाने की गश्ती दल सबइंस्पेक्टर शिवदेवराम, कांस्टेबल गोपाराम एवं चालक विकास वहां पहुंचे। साउण्ड बंद करने की बात की तब वहां मौजूद मनीष उर्फ मोनू पुलिस से उलझा बाद में दो अन्य युवक पंकज और अरूण भी पुलिस से उलझ गए। इन लोगों ने विरोध जताने के साथ पुलिस पर लाठी और पत्थर से हमला करना शुरू कर दिया। इससे सबइंस्पेक्टर शिवदेवराम, कांस्टेबल गोपाराम एवं चालक विकास चोटिल हो गए। धक्काधूम में पुलिस की वर्दी भी फट गई। बाद में पुलिस नियंत्रण कक्ष से अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया। पुलिस ने शोरशराबे के बीच तीन आरोपितों मनीष, पंकज और अरूण को शांतिभंग में गिरफ्तार किए जाने के साथ राजकार्य में बाधा डाले जाने का प्रकरण बनाया। आरोपितों की मुकदमें गिरफ्तारी शेष है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

