किशोरी के घर के बाहर नहीं आने पर पेट्रोल डाल जलाने का प्रयास : बदमाशों ने स्कूटी को फूंका
जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। शहर के कुड़ी भगतासनी स्थित राजीव गांधी नगर में दो भाइयों ने मिलकर एक किशोरी को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। किशोरी को परिजन ने बचाया तो आरोपिताें ने घर के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी को पेट्रोल छिडक़ कर जला दिया। पुलिस ने दो भाइयों को नामजद केस दर्ज किया। एक भाई को फिलहाल शांतिभंग में पकड़ा गया है।
कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि राजीव गांधी नगर की रहने वाली एक महिला की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि रविवार को सागर और करण नाम के दो शख्स उसके घर पर अन्य लडक़ों को लेकर आए। इनके हाथ में पेट्रोल की बोतलें थी। आरोपिताें ने उसकी नाबालिग बेटी को आवाज देकर धमकीं दी और बाहर बुलाया। बाद में जब उसकी बेटी बाहर आई तो आरोपिताें ने उसे पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। उसकी बेटी से मारपीट की गई। उसकी बेटी को जैसे तैसे बचाकर घर में वापिस डाला गया। पीडि़ता के बेटे ने बीच बचाव किया तो उससे भी मारपीट की गई। बाद मे आरोपिताें ने घर के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी को पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने सागर को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

