home page

बोलेरो कैंपर ने पैदल जातरुओं को कुचला, तीनों की मौत

 | 
बोलेरो कैंपर ने पैदल जातरुओं को कुचला, तीनों की मौत


जोधपुर, 11 सितम्बर (हि.स.)। जिले के शेरगढ़ स्थित भूंगरा मेगा हाईवे की सरहद के पास मध्यरात्रि में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में पैदल रामदेवरा जा रहे तीन जातरुओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेना-नाथासर गांव से पांच जातरू रात करीब 10 बजे बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल रवाना हुए थे। मेगा हाईवे पर पहुंचते ही एक अनियंत्रित बोलेरो कैंपर ने तीन जातरुओं को कुचल दिया।

हादसे की जानकारी होने पर स्थानीय निवासी बिशन सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को शेरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नाथासर निवासी महेश पुत्र चंद्राराम, अंबाराम पुत्र कुंभाराम और भानाराम पुत्र अनोपाराम के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलने पर शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल और एएसआई रूगाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो कैंपर को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू की। तीनों शवों को शेरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जिससे मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश