home page

एएसआई के रिश्वत लेने पर शास्त्रीनगर थानाधिकारी पर गिरी गाज, लाइन हाजिर

 | 
एएसआई के रिश्वत लेने पर शास्त्रीनगर थानाधिकारी पर गिरी गाज, लाइन हाजिर


जोधपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना शास्त्रीनगर के एएसआई हरदेवराम द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में थानाधिकारी जुल्फीकार अली पर गाज गिर गई है। पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने इस घूसकांड के बाद एक आदेश जारी कर थानाधिकारी जुल्फीकार अली को लाइन हाजिर कर दिया है। उनका मुख्यालय पुलिस लाइन आयुक्तालय जोधपुर रहेगा।

बता दे कि सोमवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उसने एक महिला के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और उनके साथ मौजूद व्यक्ति का नाम केस से हटाने के एवज में खर्चा-पानी मांगा था। इसके लिए परिवादिया ने पहले ही आरोपित को पांच हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद आरोपित ने मामले को रफा-दफा करने और तीन लोगों का नाम केस से निकालने के लिए सीआई के नाम पर 50,000 रुपये की और मांग की। लगातार मिल रही धमकियों और परेशानी से तंग आकर महिला ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश