home page

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर नौकरी का झांसा, लाखों की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर नौकरी का झांसा, लाखों की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और चयन सूची तैयार कर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मिली शिकायत में बताया गया था कि एक व्यक्ति स्वयं को प्रभावशाली बताकर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। इसके लिए वह अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूलकर उन्हें फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराता था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपित मोहम्मद इमरान कादरी (37) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि, आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ जुआ और ठगी से जुड़े कुल आठ प्रकरण थाना सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि, आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद इमरान कादरी (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पेंशनबाड़ा, थाना कोतवाली, रायपुर का निवासी है और वर्तमान में धरसींवा क्षेत्र के परसतराई रोड में रह रहा था।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, सरकारी नौकरी दिलाने या भर्ती में चयन कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने कहा है कि, आर्थिक अपराध और ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपितों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर