home page

यमुनानगर:ऑस्ट्रेलिया में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी

 | 

यमुनानगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो पीड़ित को विदेश भेजा गया और न ही धनराशि लौटाई गई, बल्कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

गांधी नगर थाना क्षेत्र निवासी नितिश चुघ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मैट्रिक उत्तीर्ण है और रोजगार की तलाश में था। उसकी बहन शिफाली के माध्यम से उसकी पहचान विक्रांत शर्मा और उसकी माता रमन शर्मा से हुई। आरोप है कि रमन शर्मा ने भरोसा दिलाया कि उनका पुत्र लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है और नितिश को ऑस्ट्रेलिया में ओपन वर्क परमिट पर नौकरी दिलवा देगा।

इसके बावजूद अक्टूबर 2025 तक कोई प्रगति नहीं हुई और बाद में संपर्क भी टूट गया। शिकायकर्ता का आरोप है कि पैसे और दस्तावेज वापस मांगने पर आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया, मारपीट का प्रयास किया तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कुल 11 लाख 70 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार