home page

सरकारी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर 25 लाख की ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
सरकारी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर 25 लाख की ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 6 अक्टूबर (हि. स.)। सरकारी नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने स्वयं को प्रभावशाली लोगों से संपर्क वाला बताकर लोगों को विश्वास में लिया। इनमें से एक आरोपित ने खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक बताकर भी पहचान बताई।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बोस्टो तांडी ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि, आरोपित आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने उसे शासकीय नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके एवज में 70 हजार रुपये लिए। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि दोनों ने अन्य लोगों से भी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर पैसे लिए।

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23वर्ष ), पिता अनिल पंडा, निवासी कमल विहार, रायपुर तथा संतराम यादव (38), पिता बलराम यादव, निवासी हिमालया हाइट्स, देवपुरी, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर इसी तरह करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपितों से पूछताछ अभी जारी है और ठगी के अन्य मामलों तथा पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर