home page

जींद : एक साल बाद हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर

 | 
जींद : एक साल बाद हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर


जींद, 18 अप्रैल (हि.स.)। सीआईए टीम ने गांव मलार में एक वर्ष पहले होली के दिन गांव के ही बलराम की हत्या करने के मुख्य आरोपित इसी गांव के सुखबीर गिरफ्तार किया है। आरोपित को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से पुलिस की अपील पर अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी।

गांव मलार निवासी बलराम की 14 मार्च 2025 कस्सी से वार कर हत्या कर दी गई थी। बलराम पानीपत के एक होटल में काम करता था। होली पर वह घर आया हुआ था। बलराम की पत्नी कुसुम ने पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि उसके पति की हत्या पुरानी रंजिश के कारण हुई है। आरोपितों ने पहले उसके पति को शराब पिलाई और बाद में उसकी कस्सी से वार कर हत्या कर दी। कुसुम ने गांव के ही सुखबीर व कुछ अन्य पर हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही मंकुश को गिरफ्तार किया था। वहीं इसमें एक नाबालिग भी शामिल था। हत्या के बाद से ही मुख्य आरोपित सुखबीर फरार चल रहा था।

सीआइए इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस काफी समय से सुखबीर को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी। शुक्रवार शाम को पता चला कि सुखबीर गांव अशरफगढ़ में अपनी बहन के पास आया हुआ है। यहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपित को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपित पुलिस से बचने के लिए कभी कैथल, कभी ऐलनाबाद तो कभी किसी अन्य जिले में मजदूरी करता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा