जीजा ने की साले की हत्या, ससुराल में रहने को लेकर दोनों में हुई थी कहासुनी
बिजनौर, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में किरतपुर थाना क्षेत्र के भनेड़ा गांव में शुक्रवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें जीजा ने अपने साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को पकड़ते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
भनेड़ा गांव निवासी सचिन की बहन की शादी करीब सात वर्ष पूर्व किरतपुर ब्लॉक के रामपुर गांव में रहने वाले शीलगंगे से हुई थी। शादी के लगभग एक वर्ष बाद जीजा शीलगंगे अपनी ससुराल में ही आकर रहने लगा। इसी बात को लेकर साले सचिन (23) का जीजा से विवाद होता था। साला कई बार अपने जीजा शीलगंगे से वापस अपने घर जाने की बात कह चुका था। इस मुद्दे पर दोनों के बीच पूर्व में भी कहासुनी हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम को भी साले जीजा के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। देर रात करीब दो बजे यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि इस दौरान जीजा शीलगंगे ने धारदार चाकू से साले सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने आरोपित दामाद को पकड़ लिया।
सूचना पर थाना किरतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और साले की हत्या में आरोपित जीजा शीलगंगे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
किरतपुर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि बीती अर्ध रात्रि एक गांव में हत्या की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

