झुंझुनू में प्रॉपर्टी कारोबारी के घर डकैती 85 लाख के जेवर और कैश लूटे
झुंझुनू, 21 जून (हि.स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपली चौक पर एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में शनिवार आधी रात के बाद डकैत घुस आए थे। 6-7 हथियारबंद बदमाश प्रॉपर्टी डीलर के घर से करीब 85 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और डेढ़ से दो लाख रुपए कैश लूट ले गए। नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर गनपॉइंट पर लिया और पूरे घर को बड़े ही आराम से खंगला। जाते-जाते सीसीटीवी का डीवीआर (जहां पूरी रिकॉर्डिंग रहती है) भी ले गए। घर में बदमाश करीब एक घंटे तक रहे।
पीड़ित परिवार का दावा है कि बदमाशों को घर और कारोबार की पूरी जानकारी थी। उन्होंने महिलाओं को कमरे में बंद करके एक-एक जेवर उतरवा लिए। परिवार के कई सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए थे। घर से 50-60 तोला सोना, सवा से डेढ़ किलो चांदी और कैश ले गए। परिवार का आरोप है घर में घुसे बदमाशों ने गन पॉइंट पर बंधक बनाकर एक घंटे तक मकान को खंगाला।
पीड़ित परिवार के मुखिया अकबर अली शेरवानी (77) के अनुसार शनिवार रात करीब एक बजे 6 से 7 नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। सभी के चेहरे ढके हुए थे। बदमाशों को परिवार और उनके प्रॉपर्टी कारोबार की पूरी जानकारी थी। घर में घुसते ही उन्होंने सीधे प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू भाई के बारे में पूछा और उसके कमरे तक पहुंच गए। शब्बीर, अकबर अली शेरवानी का बेटा है। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने शब्बीर सैय्यद की कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसे कब्जे में ले लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के सभी सदस्यों को एक जगह इकट्ठा कर बैठक में बैठा दिया। बदमाश लगातार अलमारियों की चाबियां मांगते रहे और घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी लेते रहे।
प्रॉपर्टी कारोबारी के घर डकैती की सूचना के बाद रविवार सुबह बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। अकबर अली शेरवानी ने बताया कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने दावा किया कि किसी व्यक्ति ने परिवार और उनकी संपत्ति की पूरी जानकारी देकर उन्हें यहां भेजा है। परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के हाथ-पैर चादर, कपड़े, टेप और बिजली के तारों से बांध दिए। 10 साल के बच्चे को भी नहीं छोड़ा। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारियां खंगालीं और महिलाओं के गहने उतरवा लिए।
कोतवाली थाना पुलिस ने घर का मुआयन किया और परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली। कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू थे। घर की एक बच्ची के कानों में पहने झुमके भी उतारवा लिए। पूरे घटनाक्रम के दौरान बदमाश परिवार को लगातार धमकाते रहे। परिवार का दावा है कि बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की लग रही थी। उनमें से एक हल्का लंगड़ाकर चल रहा था। वारदात के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़े कुछ लोगों का जिक्र भी किया, जिससे परिवार को पहले से रेकी और किसी नेटवर्क की भूमिका का संदेह है। आसपास के कैमरों की जांच में एक पड़ोसी के कैमरे में रात करीब 1.20 बजे कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार और एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं तथा पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

