home page

महिला की हत्या के चार आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार

 | 
महिला की हत्या के चार आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार


शराब के नशे में विवाद के बाद दंपति पर डंडों से किया था हमला,उपचार के दौरान महिला की हुई मौतरेलवे स्टेशन से गढ़िया गांव जाने वाले मार्ग पर भागने की फिराक में खड़े चारों आरोपियों को दबोचा

झांसी, 10 नवंबर (हि.स.)।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रेलवे माल गोदाम के पास झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के बीच हुआ विवाद एक महिला की हत्या का कारण बन गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल शशि की उपचार के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।

7 नवंबर की रात यूपी-112 पर सूचना मिली थी कि सीपरी ओवरब्रिज के पास रेलवे माल गोदाम के समीप एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस को विजय अहिरवार ने बताया कि कुछ लोगों ने उसके और उसकी पत्नी शशि के साथ डंडों से मारपीट की है। गंभीर रूप से घायल शशि को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 8 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पति की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान आकाश उर्फ विशाल की भूमिका भी सामने आई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गईं। 9 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पश्चिमी रेलवे स्टेशन से गढ़िया गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चंदन, आकाश उर्फ विशाल, शनि और मीना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कोई स्थायी ठिकाना नहीं होने से उनकी तलाश में कठिनाई आ रही थी।

घटना के समय दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। विजय अहिरवार द्वारा मीना की बेटी कीर्ति को गाली देने की बात पर विवाद हुआ था। इसी से नाराज होकर आरोपियों ने एक राय होकर दंपती पर डंडों से हमला किया। मामले में कृष्णा नामक व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में एएसपी सिटी प्रीति सिंह और सीओ सदर सिमरन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह की टीम ने की।

क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह ने मंगलवार काे मीडिया से मुखातिब हाेते हुए बताया कि 7 नवंबर की रात सीपरी पुल के पास मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। उपचार के दौरान 8 नवंबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो टीमें गठित कीं। आरोपियों की तलाश में कठिनाई के बावजूद प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया