home page

झांसी : संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या का आरोप

 | 
झांसी : संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या का आरोप


-रात में पति से हुआ था विवाद, दोनों कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर भागने का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

झांसी, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आवास विकास फौजी तिराहा के पास किराये के मकान में 28 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा का शव कमरे के अंदर पड़ा मिला। परिजनों ने उसके पति यश ठाकुर पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस आराेपित पति की तलाश में जुटी है।

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात शिवानी का पति से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान यश ने शिवानी और उसके मायके वालों के खिलाफ अभद्र बातें कहीं। मामला बढ़ने पर पास में रहने वाले मामा संतोष ने दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शिवानी और यश एक कमरे में सो गये, जबकि शिवानी की छोटी बहन मुस्कान दूसरे कमरे में सो रही थी।

मुस्कान के अनुसार, रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यश ने अपना बैग मांगा और कुछ सामान लेने की बात कही। बैग लेने के बाद उसने दोनों कमरों में बाहर से कुंडी लगा दी और वहां से चला गया। सुबह करीब पांच बजे मुस्कान ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।

सुबह करीब नौ बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने बाहर से बंद कुंडी खोली तो शिवानी जमीन पर बेसुध पड़ी थी। उसके कान से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि शिवानी मूल रूप से दतिया के इंदरगढ़ की रहने वाली और करीब तीन महीने से झांसी में रह रही थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद पति द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान होकर उसने झांसी में अलग कमरा लिया था।

सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि महिला के गले पर चोट के निशान मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पति से विवाद की बात सामने आई है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया