बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, थाने में फिनायल पीने का प्रयास
झांसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर में बुधवार को बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी, हंगामा और मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों गुटों को थाने ले आई। इसी दौरान अभिषेक वंशकार उर्फ अंशिका नाम के किन्नर ने फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास कर दिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी आशिक किन्नर अपने साथियों के साथ महाराणा प्रताप नगर में बधाई मांग रही थी। इसी दौरान इसकी जानकारी जीवन शाह मजार के पास रहने वाली किन्नर बबली मौसी को हुई। वह भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गईं। बबली मौसी ने दूसरे गुट पर अपने क्षेत्र में अवैध रूप से आकर बधाई मांगने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
हंगामा और मारपीट से इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें नवाबाद थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर हंगामा चलता रहा। इसी बीच अभिषेक वंशकार उर्फ अंशिका के फिनायल पीने की बात सामने आई।
बबली किन्नर का कहना है कि महाराणा प्रताप नगर उसका क्षेत्र है और दूसरे गुट के लोग कई दिनों से वहां बधाई मांग रहे हैं। वहीं आशिक किन्नर का आरोप है कि वह अपने क्षेत्र में ही बधाई मांग रही थी। उसने बताया कि वह पहले बबली मौसी की चेला थी, लेकिन बाद में दूसरे गुरु के पास चली गई। इसी वजह से रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की गई।
सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि किन्नरों के दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान एक किन्नर ने फिनायल पीने का प्रयास किया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हालत स्थिर है। बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। फिनायल कहां पिया गया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

