home page

न्यायालय परिसर में मुकदमे की पैरवी करने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

 | 

मामला चर्चित क्रिश्चियन हॉस्पिटल के जमीन फर्जीबाड़े का

झांसी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जिला न्यायालय परिसर में मुकदमे की पैरवी करने पहुंचे अमेरिकी संस्था इंटरनेशनल सर्विस फेलोशिप (इंटरसर्व यूएसए) के अधिकृत प्रतिनिधि वासुदेव पोखरेल ने हरेन्द्र कुमार मसीह पर धमकी देने और न्यायालय में पैरवी करने से रोकने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने थाना नवाबाद में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे वासुदेव पोखरेल सीजेएम न्यायालय झांसी में दाण्डिक वाद संख्या 2323/2019 में पैरवी करने पहुंचे थे। आरोप है कि मुकदमे में मुख्य अभियुक्त हरेन्द्र कुमार मसीह ने उन्हें न्यायालय में प्रवेश करते समय रोककर मुकदमे की पैरवी बंद करने की धमकी दी। घटना के दौरान अन्य अधिवक्ताओं के मौजूद रहने की बात भी कही गई है।

वासुदेव पोखरेल ने आरोप लगाया कि हरेन्द्र कुमार मसीह का आपराधिक इतिहास है और उसके विरुद्ध झांसी तथा कानपुर में गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां मीना देवी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में भी आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल हो चुका है और वह स्वयं चश्मदीद गवाह हैं।

प्रार्थी ने अपनी सुरक्षा की आशंका जताते हुए आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। दूसरे पक्ष को बुलाया गया है। उसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया