पैथोलॉजी लैब से 1.70 लाख की चोरी का 12 घंटे में खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज की मदद से कोतवाली पुलिस ने पकड़ा युवक, 50 हजार रुपये नकद बरामद
झांसी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में कोतवाली थाना क्षेत्र में पैथोलॉजी लैब से 1.70 लाख रुपये चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, बंसल कॉलोनी में सिद्धेश्वर मंदिर के पास ग्वालियर रोड निवासी कंचन पत्नी राजेश ने 19 नवंबर को कोतवाली थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बताया गया कि केतन सेन ने उनकी पैथोलॉजी लैब से 1 लाख 70 हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 348/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस ने 20 नवंबर को केतन सेन (24) पुत्र प्रेमनारायण सेन निवासी मसीहागंज, थाना सीपरी बाजार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुज कुमार अवस्थी (चौकी प्रभारी नई बस्ती), कांस्टेबल पवन कुमार, रौबिन सिंह और देवेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई को सफलता बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

