home page

झांसी : मऊरानीपुर की करोड़ों की चोरी का एक और आरोपित गोवा से गिरफ्तार, 1.70 लाख रुपये बरामद

 | 
झांसी : मऊरानीपुर की करोड़ों की चोरी का एक और आरोपित गोवा से गिरफ्तार, 1.70 लाख रुपये बरामद


झांसी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मऊरानीपुर बस स्टैंड से अमृतसर के सर्राफा कारोबारी के दो बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गोवा से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए सोने के जेवर गलाकर करीब 900 ग्राम की सिल्ली बनाई गई थी, जिसे पुणे में 1.13 करोड़ रुपये में बेचा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.70 लाख रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस इससे पहले महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बुधवार शाम को बताया कि अमृतसर निवासी गुरकीरत सिंह सोने के जेवरों का कारोबार करते हैं। वह विभिन्न दुकानदारों के ऑर्डर पर जेवरों की आपूर्ति करते हैं। 28 अक्टूबर 2026 को वह छतरपुर से बस में सवार होकर झांसी आ रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पर रुकी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोर उनके दो बैग लेकर फरार हो गए। बैगों में करीब 6,937 ग्राम जेवर और 15 लाख रुपये नकद रखे थे। जेवरों में नग निकालने के बाद 3,152 ग्राम सोना और 200 ग्राम शुद्ध सोना शामिल था। मामले में 29 अक्टूबर को मऊरानीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने छह नवंबर को महाराष्ट्र से एक आरोपित को गिरफ्तार कर 1.40 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित 17.06 लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए थे।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने 21 नवंबर को गोवा के कैलंगुट स्थित होटल कोस्टा डी कैलंगुट इन के कमरा नंबर 301 में छापा मारकर पुणे, महाराष्ट्र निवासी आरोपित गणेश चन्द्रकान्त माल्वे को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.70 लाख रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। ट्रांजिट रिमांड पर झांसी लाए जाने के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।

खेत में बने शेड में गलाए गए थे जेवर

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी गणेश ने बताया कि मारुति राजाराम पिटेकर अपने साथियों के साथ 30 अक्टूबर को चोरी के जेवर गलवाने के लिए उसके पास पहुंचा था। इसके बाद वह उन्हें महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के महालुंगी क्षेत्र में एक खेत में बने शेड पर ले गया। वहां जेवरों को गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली तैयार की गई। बाद में इसे पुणे के ब्रह्म ट्रेडर्स के उत्कर्ष मारवाड़ी को 1.13 करोड़ रुपये में बेच दिया गया।

आरोपित ने बताया कि इस काम के बदले उसे साढ़े चार लाख रुपये मिले थे, जिनमें से 1.70 लाख रुपये उसके पास बचे थे। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 317(2), 317(5) और 61(2) के तहत भी कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में लूट और चोरी के तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, स्वाट प्रभारी विनय दिवाकर समेत मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया