इंदौर गए परिवार के सूने मकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में संदिग्ध युवक कैद
तहरीर के बाद जांच में जुटी पुलिस
झांसी, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र की विवेकानंद कॉलोनी में इंदौर गए एक परिवार के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक देर रात मोहल्ले में घूमता नजर आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
पीड़ित पवन कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 06 जुलाई को अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर गए थे। उनके घर की चाबी कामवाली महिला ने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार से लेकर सफाई की और बाद में वापस कर दी थी। 08 जुलाई की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनके घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। सूचना मिलने पर वह तत्काल झांसी पहुंचे तो घर के तीन दरवाजों, अलमारियों और लॉकर के ताले टूटे मिले।
पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 220 ग्राम सोने के जेवर, 500 ग्राम चांदी के आभूषण तथा लगभग 60 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के हार सेट, झुमके, टॉप्स, पेंडेंट, चेन, अंगूठियां सहित अन्य कीमती आभूषण तथा चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाइट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में देर रात एक संदिग्ध युवक करीब डेढ़ घंटे तक मोहल्ले में घूमता दिखाई दे रहा है। उन्होंने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने गुरुवार काे बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

