home page

त्योहार की छुट्टियों में सूने घर से चोरों ने 22 लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ

 | 
त्योहार की छुट्टियों में सूने घर से चोरों ने 22 लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ


मकान खरीदने के लिए घर में रखे 18.35 लाख रुपये नकदी, पांच लाख के जेवर और बेकरी की बिक्री के 25 हजार रुपये भी गायब

जाते-जाते मासूम बेटी की गुल्लक भी उठा ले गए चोर

झांसी, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में कोतवाली थाना क्षेत्र के छनियापुरा में चोरों ने एक बेकरी कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 22 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोर मकान खरीदने के लिए घर में रखे 18 लाख 35 हजार रुपये नकद, करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और बेकरी की बिक्री के 25 हजार रुपये समेट ले गए। इतना ही नहीं, चोर कारोबारी की बेटी की गुल्लक भी अपने साथ ले गए। परिवार की गैरमौजूदगी में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

छनियापुरा निवासी मोहम्मद राकिब बेकरी का कारोबार करते हैं। 10 नवंबर को दीपावली की छुट्टी होने के कारण वह अपनी पत्नी रुखसार बेगम और बेटी के साथ प्रयागराज स्थित अपने घर चले गए थे। मकान की रखवाली के लिए उन्होंने अपने बड़े भाई साकिब को छोड़ रखा था। बताया गया कि बुधवार को साकिब करीब तीन किलोमीटर दूर रहने वाली अपनी बहन के घर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया।

चोरों ने पहले मकान का दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद अलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। दूसरी अलमारी में बेकरी की तीन दिन की बिक्री के 25 हजार रुपये रखे थे। चोरों ने उस रकम को भी नहीं छोड़ा। इसी दौरान बेटी की गुल्लक भी उनके हाथ लग गई, जिसे वे अपने साथ ले गए।

मकान खरीदने के लिए जुटाई थी रकम

राकिब की पत्नी रुखसार बेगम ने बताया कि परिवार मकान खरीदने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए 18 लाख 35 हजार रुपये नकद घर में जमा करके रखे थे। इसके अलावा करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर अलमारी के लॉकर में सुरक्षित रखे थे। परिवार की मेहनत की कमाई घर में रखी थी, जिसे चोर चोरी कर ले गए। घटना के बाद से रुखसार बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजय कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पड़ताल जारी है।

बेटी की गुल्लक भी उठा ले गए चोर

चोरी की वारदात में चोरों ने नकदी और जेवर के साथ मासूम बच्ची की गुल्लक भी नहीं छोड़ी। परिवार मकान खरीदने के लिए लंबे समय से रकम जुटा रहा था। घर में रखी जमा पूंजी और जेवर चोरी होने से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया