home page

झांसी : युवती के आत्महत्या प्रकरण में दो बाल अपचारी गिरफ्तार

 | 
झांसी : युवती के आत्महत्या प्रकरण में दो बाल अपचारी गिरफ्तार


झांसी, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम ईदी में युवती की आत्महत्या के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया। पुलिस ने प्रकरण में दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में पुलिस ने फिलहाल गैंगरेप की घटना की पुष्टि नहीं की है।

एसएसपी विकास कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि 21 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों की तहरीर पर छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और नामजद आरोपितों से पूछताछ करते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

जांच के दौरान पुलिस को दो बाल अपचारियों के खिलाफ साक्ष्य मिले। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास फ्री फायर गेम खेलने गए थे। इसी दौरान युवती भी वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, युवती की एक बाल अपचारी से दोस्ती थी। दोनों एक कमरे में चले गए, जबकि दूसरा बाल अपचारी बाहर निगरानी के लिए खड़ा था।

इसी दौरान गांव के कुछ लोग बाइक से वहां पहुंच गए। इससे युवती और बाल अपचारी के बीच संबंधों की जानकारी ग्रामीणों को होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद युवती अपने घर पहुंची और बदनामी के भय से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।

एसएसपी ने बताया कि अभी तक जांच में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से एक प्रोटेक्शन यूज किया हुआ मिला है, जिसे कब्जे में लेकर फोरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। युवती के शरीर से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं अन्य आरोपितों का इंटरनल मेडिकल परीक्षण कराया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा सके।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी को क्लीनचिट नहीं दी गई है। अन्य आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया