चौकी प्रभारी और सिपाही रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
झांसी में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन
पीड़ित का नाम मुकदमे से निकालने के बदले मांगे थे एक लाख
झांसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र की बड़ागांव गेट चौकी के प्रभारी एसआई ओंकार सिंह और सिपाही शशांक त्रिपाठी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर एक मामले में कार्रवाई करने और उसे निपटाने के नाम पर फरियादी से रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी किराना व्यापारी संजीव राय ने शिकायत की थी कि चौकी प्रभारी ओंकार सिंह ने एक प्रकरण में कार्रवाई करने और मामला खत्म करने के एवज में उससे 60 हजार रुपये रिश्वत ले ली थी। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी 40 हजार रुपये और मांग रहे थे। बातचीत के बाद अतिरिक्त रिश्वत की रकम 10 हजार रुपये पर तय हुई।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार को तय योजना के अनुसार 10 हजार रुपये लेकर बड़ागांव गेट चौकी पहुंचा। जैसे ही चौकी प्रभारी और सिपाही ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से चौकी परिसर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बन गई। कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ सदर बाजार थाना ले गई। वहां दरोगा व सिपाही की वर्दी उतरवाकर उनको सादा ड्रेस पहनाई गई।
एंटी करप्शन अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है और विभागीय स्तर पर भी मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

