सनफ्रान अशोक सिटी फायरिंग कांड : कच्छा-बनियान गैंग का बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
झांसी, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना नवाबाद पुलिस ने सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों द्वारा फायरिंग कर फरार होने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए कच्छा-बनियान गैंग से जुड़े एक आरोपित को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, चोरी में प्रयुक्त औजार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि 5/6 जुलाई 2026 की रात सनफ्रान अशोक सिटी कॉलोनी में कुछ अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घुस आए थे। कॉलोनीवासियों द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की तहरीर पर थाना नवाबाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
आज मुखबिर की सूचना पर थाना नवाबाद पुलिस ने जेडीए कॉलोनी से मुस्तरा जाने वाले पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार घिरने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपित की पहचान अरमान उर्फ बाला उर्फ राजू (25) पुत्र नवरा आदिवासी, निवासी पाल कॉलोनी के जोगी, थाना सीपरी बाजार, झांसी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 700 रुपये नकद, एक पिट्ठू बैग तथा उसमें रखे हथौड़ा, सरिया, कटर, पेचकस, चाकू, टायर खोलने वाली रॉड समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी कच्छा-बनियान गैंग से जुड़ा है। उससे जिले में हुई अन्य चोरी और फायरिंग की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना नवाबाद में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

