home page

डीएम कार्यालय का अधिकारी बनकर शिकायत वापस लेने का दबाव, पुलिस ने दर्ज किया केस

 | 

झांसी, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मानक विहीन निर्माण कार्य की शिकायत करना एक समाजसेवी को भारी पड़ गया। आरोप है कि उसके मोबाइल पर फोन कर खुद को जिलाधिकारी कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। शिकायत वापस लेने से इनकार करने पर घर पर पुलिस भेजकर उत्पीड़न कराने की धमकी दी गई। जांच में फोन करने वाला व्यक्ति डीएम कार्यालय से संबंधित नहीं मिला। मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि रक्सा ग्राम पंचायत निवासी समाजसेवी अनिकेत मिश्रा ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रक्सा में चल रहे कथित मानक विहीन निर्माण कार्य की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल और संबंधित कंपनी के हेड ऑफिस में की थी।

अनिकेत के मुताबिक 28 जुलाई 2026 को वह पारिवारिक न्यायालय के पास खड़े थे, तभी मोबाइल नंबर 9057083311 से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को झांसी डीएम कार्यालय से बताया और शिकायत वापस लेने को कहा। शिकायत वापस लेने से इनकार करने पर आरोपी ने एक दरोगा और दो सिपाही घर भेजकर उत्पीड़न कराने की धमकी दी।

मामले की शिकायत डीएम कार्यालय में किए जाने पर जांच हुई। इसमें सामने आया कि उक्त मोबाइल नंबर जिलाधिकारी कार्यालय में किसी अधिकारी या कर्मचारी का नहीं है। इसके बाद देर रात नवाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस फोन नंबर और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया