home page

रंगेहाथ पकड़े जाने पर नातिन ने की थी नाना की हत्या, प्रेमी संग कुएं में फेंका शव

 | 
रंगेहाथ पकड़े जाने पर नातिन ने की थी नाना की हत्या, प्रेमी संग कुएं में फेंका शव


रंगेहाथ पकड़े जाने पर नातिन ने की थी नाना की हत्या, प्रेमी संग कुएं में फेंका शव


रंगेहाथ पकड़े जाने पर नातिन ने की थी नाना की हत्या, प्रेमी संग कुएं में फेंका शव


घर पर खून से सने कपड़े बरामद होने के बाद हुआ खुलासा

झांसी, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र के छिरौना गांव में 16 वर्षीय नातिन ने अपने 76 वर्षीय नाना की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोप है कि नातिन ने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद नाना का गला दबाया और फिर रोटी बनाने वाले चकला से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया। परिजनों ने घटना को हादसा समझकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तीन दिन बाद घर में मिले खून से सने कपड़ों से हत्या का राज खुला।

छिरौना निवासी रामदीन कुशवाहा खेती-किसानी और मजदूरी करते थे। उनकी छह बेटियां थीं। इनमें अनीता की करीब 10 साल पहले मौत हो गई थी। अनीता की दो बेटियों में से एक तीन साल पहले चचेरी बहन के घर चली गई, जबकि 16 वर्षीय नातिन नाना-नानी के साथ रहकर कक्षा 10 में पढ़ती थी।

परिजनों के मुताबिक, 12 सितंबर की दोपहर रामदीन की पत्नी उर्मिला मजदूरी करने गई थीं। घर पर रामदीन और उनकी नातिन थे। इसी दौरान पड़ोसी 20 वर्षीय विशाल कुशवाहा कथित तौर पर घर पहुंचा। परिजनों का कहना है कि कुछ देर बाद रामदीन घर लौटे तो उन्होंने दोनों को कमरे में आपत्तिजनक हालत में देख लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े जाने के बाद विशाल ने रामदीन का गला दबाया, जबकि नातिन ने चकला से उनके सिर पर वार किए। हत्या के बाद दोनों ने शव को कुएं में फेंक दिया।

शाम को उर्मिला घर लौटीं तो रामदीन नहीं मिले। तलाश के दौरान 13 सितंबर को कुएं में शव पड़ा मिला। माथे पर चोट देखकर परिजनों ने इसे नशे में पैर फिसलने से हुआ हादसा माना और अंतिम संस्कार कर दिया।

मंगलवार को घर की साफ-सफाई के दौरान नातिन के खून से सने कपड़े मिले। शक होने पर परिजनों ने पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने विशाल और नातिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने खून से सने कपड़े समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया