नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपित की पुलिस से मुठभेड़, घायल
झांसी, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने का प्रयास करने वाले आरोपित ने देर रात पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
सीओ सदर प्रिया सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अगस्त को पीड़ित के परिजन ने रक्सा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 13 वर्षीय नातिन अपने भाई के साथ घर में खेल रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति पानी मांगने के बहाने घर में दाखिल हुआ। उसने भाई को पानी लेने भेज दिया और नाबालिग को उठाकर कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए रक्सा थाना पुलिस समेत कई टीमें गठित की थीं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात आठों नंदना के जंगलों में पुलिस टीम का आरोपित से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने टीम को देखकर तमंचे से फायर किया और बाइक से भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपित के पैर में जा लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम महावीरन नगर नगरा निवासी रतिराम रायकवार बताया। घायल आरोपित को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

