home page

झांसी में 15 घंटे में चार पहिया वाहन लूट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
झांसी में 15 घंटे में चार पहिया वाहन लूट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार


झांसी, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सीपरी बाजार थाना पुलिस ने स्कार्पियो लूट की घटना का 15 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लूटी गई महिंद्रा स्कार्पियो बरामद कर ली है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि 1 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे खाती बाबा निवासी मनीष कुमार शर्मा अपनी सफेद रंग की चार पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काली महिंद्रा थार ने उनकी स्कार्पियो में टक्कर मार दी। थार सवार आरोपिताें ने उनके साथ मारपीट कर वाहन की चाबी छीन ली और स्कार्पियो लेकर फरार हो गए।

सीओ सदर ने बताया कि पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराई गई जीपीएस लोकेशन के आधार पर सीपरी बाजार पुलिस ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम ने दाे सितंबर की रात मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र में ओरछा-बंगाय मार्ग से लूटी गई स्कार्पियो बरामद कर ली। मौके से बृजेन्द्र यादव निवासी खैलार, थाना बबीना और प्रद्युम यादव निवासी वनगाय, थाना ओरछा को गिरफ्तार किया गया, जबकि राहुल यादव निवासी ग्राम खोडा, थाना रक्सा फरार हो गया।

पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों गिरफ्तार आरोपिताें की घटना में संलिप्तता सामने आई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपिताें को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया