दंपति से कार और जेवरात लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, लूटी गई कार बरामद
झांसी, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना सीपरी बाजार पुलिस ने बुधवार काे कार सवार दंपति से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार भी बरामद कर ली है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपित जेवरात लेकर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सीपरी थाना प्रभारी संजय चौबे के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद के करैरा निवासी अजय बघेल ने थाना सीपरी बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जुलाई को वह अपनी पत्नी के साथ अपनी कार से मित्र आनंद पाल के यहां आए थे। वापस लौटते समय खोड़न जाने वाले मार्ग पर करैरा निवासी जरदान सिंह, अन्नू उर्फ जडेल यादव, अभिषेक यादव उर्फ कन्नू तथा आशीष यादव ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि चारों ने दंपति को धमकाते हुए मारपीट की और उनकी चार पहिया कार के साथ महिला के गले से जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे में जुटी थाना सीपरी बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जरदान सिंह और अभिषेक यादव उर्फ कन्नू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई कार बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि लूटे गए जेवरात उनके साथी आशीष यादव और अन्नू उर्फ जडेल यादव के पास हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरात भी बरामद कर लिए जाएंगे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

