home page

ग्राम प्रधान पति की जमीन रजिस्ट्री में 6.33 लाख की स्टाम्प चोरी का आरोप

 | 

उप निबंधक बोले- जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रहीराजस्व क्षति की होगी वसूली;जमीन के पूरे गाटा पर हाईकोर्ट और राजस्व परिषद में मुकदमे विचाराधीन

झांसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में टहरौली बमनुआं ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान के पति रवि शंकर द्वारा जमीन खरीदने के मामले में कथित स्टाम्प चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जमीन की वास्तविक बाजार कीमत और प्रकृति के अनुरूप मूल्यांकन न कराए जाने से सरकारी खजाने को करीब 6.33 लाख रुपये की चपत लगने का आरोप लगाया गया है। मामले में शिकायत के बाद अब टहरौली के उप निबंधक ने भी स्टाम्प ड्यूटी में गड़बड़ी का मामला सामने आने की बात स्वीकार की है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेजने और नियमानुसार कार्रवाई कराने की बात कही है।

बमनुआं निवासी चन्द्रशेखर पुत्र विशम्भर दयाल ने उप निबंधक तहसील टहरौली के यहां शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, रवि शंकर ने 17 नवंबर 2026 को गाटा संख्या 1080 में से 0.1900 हेक्टेयर भूमि का विक्रय विलेख पंजीकृत कराया था। आरोप है कि जमीन की वास्तविक मालियत और प्रकृति के अनुरूप मूल्यांकन नहीं कराया गया। इसके चलते रजिस्ट्री में महज 3.03 लाख रुपये स्टाम्प शुल्क और 80,670 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा किया गया। शिकायतकर्ता ने तुलनात्मक दस्तावेजों के आधार पर स्टाम्प शुल्क में 5.27 लाख रुपये और पंजीकरण शुल्क में 1.86 लाख रुपये की कमी का दावा किया है।

उप निबंधक ने स्वीकार की गड़बड़ी

मामले में उप निबंधक तहसील टहरौली अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रवि शंकर द्वारा कराई गई रजिस्ट्री में भारी स्टाम्प ड्यूटी की चोरी का मामला प्रकाश में आया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नियमानुसार कठोर कार्रवाई कराकर सरकारी धन की वसूली कराई जाएगी।

दो अदालतों में मुकदमे विचाराधीन

इस जमीन सौदे को लेकर एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। विक्रेता रामश्री पत्नी सुदामा प्रसाद के कुल रकबे से संबंधित एक मुकदमा राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज में विचाराधीन है। वहीं, पूरे गाटा संख्या 1080 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी मुकदमा चल रहा है। ऐसे में जमीन की रजिस्ट्री, उसके मूल्यांकन और संबंधित न्यायिक विवादों को लेकर मामला और गंभीर हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया