नशे में विवाद के बाद युवक का कार से अपहरण, सात घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
-वारदात में प्रयुक्त वाहन का संबंध पुलिस विभाग से, होगी जांच
झांसी, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में नशे की हालत में हुई मामूली कहासुनी के बाद युवक को कार में बैठाकर ले जाने की घटना का झांसी पुलिस ने महज सात घंटे में खुलासा कर दिया। थाना सीपरी बाजार पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अपहरण के दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार (यूपी 32 एलयू 3798) को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 6 सितंबर की रात यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि पंचवटी निवासी विकास गुप्ता का कुछ लोगों ने चार पहिया वाहन से अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सुराग जुटाते हुए आरोपिताें की तलाश शुरू की और करीब सात घंटे में घटना का सफल अनावरण कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में अयाेध्यापुरी काॅलाेनी निवासी रवि यादव, महेंद्रपुरी काॅलाेनी निवासी विनय यादव काे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्ताें के कब्जे से पंचवटी निवासी विकास गुप्ता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के समय रवि यादव और विनय यादव पहले से मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान विकास गुप्ता अपनी कार से वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। पुलिस के मुताबिक संबंधित लोग उस समय नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपिताें ने विकास को अपनी कार में बैठाया और वहां से ले गए। इस वारदात में दारोगा का पुत्र है और एक शिक्षक शामिल है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हुण्डई वेन्यू कार आरोपिताें के नाम पर पंजीकृत नहीं है। वाहन हरेंद्र नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हरेंद्र कौन है और उसका पुलिस विभाग से कोई संबंध है या नहीं।
उन्होंने कहा कि रोड रेज अथवा आपसी विवाद के नाम पर गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपिताें को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

