home page

ईरानी गैंग का अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरफ्तार, आभूषण व बाइक बरामद

 | 
ईरानी गैंग का अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरफ्तार, आभूषण व बाइक बरामद


09 अगस्त को मोंठ में की थी टप्पेबाजी

झांसी, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मोंठ थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए ईरानी गैंग से जुड़े एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपित के बैंक खाते में जमा 3.28 लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि 09 अगस्त को मोंठ थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड गल्ला मंडी के सामने रामकिशोर पाठक से झांसा देकर एक सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने जांच और सर्विलांस के आधार पर तौहीद अली (24) पुत्र राजू अली, निवासी वार्ड नंबर 15, कस्बा बुढार, थाना बुढार, जिला शहडोल, मध्य प्रदेश को देर रात भांडेर रोड रेलवे ब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपित के पास से करीब 60 हजार रुपये कीमत की पीली धातु की चेन, करीब 15 हजार रुपये कीमत की एक अंगूठी, मोटोरोला और वीवो के दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपित के खाते में अपराध से संबंधित 3.28 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक विनय दिवाकर, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार समेत मोंठ थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

ऐसे देते हैं वारदात को अंजाम

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिलों से क्षेत्र में घूमकर बुजुर्ग महिला-पुरुषों की रेकी करते हैं। इसके बाद खुद को पुलिस अधिकारी, जीएसटी, सीबीआई, सीआईडी या ईडी अधिकारी बताकर उन्हें चेकिंग अथवा किसी गंभीर घटना का हवाला देकर अपने जाल में फंसाते हैं। तलाशी के नाम पर पैसे और आभूषण लेकर हाथ की सफाई से उन्हें गायब कर देते हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य वारदात के बाद उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश होते हुए अन्य स्थानों पर घटनाएं करते हुए महाराष्ट्र की ओर निकल जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया