home page

झांसी में गोली से घायल आढ़त कारोबारी की मेदांता में मौत

 | 
झांसी में गोली से घायल आढ़त कारोबारी की मेदांता में मौत


12 अगस्त की देर शाम बदमाशों ने लूट में असफल होने पर मारी थी गोली

मुठभेड़ में पुलिस ने पल्लेदार समेत चार बदमाश किए थे गिरफ्तार

झांसी, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में लूट के इरादे से बदमाशों की गोली का शिकार हुए आढ़त कारोबारी प्रशांत गुप्ता (52) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार रात करीब 11:30 बजे गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है, जिसके बाद शव झांसी लाया जाएगा।

प्रशांत गुप्ता भोजला मंडी में आढ़त का कारोबार करते थे और मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी में परिवार के साथ रहते थे। वह उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के झांसी जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता के सगे भतीजे थे। 12 अगस्त की शाम दुकान बंद करने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। राधिका ऑर्चिड से आगे रेलवे ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर बदमाशों ने पीछे से तमंचे से गोली चला दी, जो उनकी पीठ में लगी थी।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद प्रशांत ने हिम्मत नहीं छोड़ी और करीब एक किलोमीटर तक स्कूटी चलाकर सरोज अस्पताल पहुंचे। इसके बाद परिजन उन्हें पीतांबरा हॉस्पिटल ले गए, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। हालत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता हॉस्पिटल, गुड़गांव ले जाया गया, लेकिन बुधवार रात उनकी मौत हो गई। प्रशांत की दो बेटियां पूर्णिमा (22) और राधिका (17) हैं।

वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज की। कर्मचारियों की जानकारी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर प्रशांत के यहां पल्लेदारी करने वाले शिवम कुशवाहा की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस के मुताबिक शिवम ने अपने साथी सुरेंद्र कुशवाहा के कर्ज की जानकारी मिलने पर सेठ को लूटने की साजिश रची थी। इसमें सुरेंद्र के दो साले अशोक और प्रदुम्म समेत अन्य आरोपी शामिल हुए।

शनिवार देर रात लकारा पुलिया के पास पुलिस और चार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें सीपरी बाजार थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी थी। जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस ने दतिया निवासी शिवम कुशवाहा (25), सुरेंद्र कुशवाहा (25), प्रदुम्म कुशवाहा (22) और निवाड़ी निवासी आकाश कुशवाहा (22) को गिरफ्तार किया था। अब कारोबारी की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धाराओं समेत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इस संबंध में सीओ सिटी रामवीर सिंह ने गुरुवार काे बताया कि घायल व्यापारी को इंफेक्शन बढ़ने के संदेह के चलते दिल्ली मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। देर रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी मौत हो गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया