जीआरपी ने खाेज निकाले 54 लाख कीमत के 360 फोन बरामद
झांसी, 01 सितंबर (हि.स.)। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके यात्रियों के लिए झांसी जीआरपी राहत लेकर आई है। जीआरपी ने पिछले तीन महीनों में विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से 360 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये है।
मंगलवार को जीआरपी अधिकारियों ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई यात्रियों ने जीआरपी की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया। झांसी जीआरपी के अधीन आने वाले आठ थानों की पुलिस टीमों ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान शुरू किया। टीमों ने सर्विलांस और तकनीकी संसाधनों के साथ मोबाइल के आईएमईआई नंबर की मदद से गुम फोन को ट्रेस किया। अलग-अलग स्थानों से बरामदगी के बाद मोबाइल के वास्तविक मालिकों की पहचान की गई। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन में सफर के दौरान नींद आने पर सीट या चार्जिंग प्वाइंट पर मोबाइल छूट जाना तथा भीड़भाड़ के दौरान मोबाइल गुम या चोरी होना आम शिकायतें हैं। बरामद मोबाइलों की पहचान शिकायतकर्ताओं से मिली जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर की गई।
एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आठ थानों की पुलिस टीमों ने मोबाइल बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की। शिकायतकर्ताओं से मोबाइल की जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेज लेकर बरामद फोन का मिलान कराया गया। सत्यापन के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

