जीआरपी ने खाेए 251 मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे
झांसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मोबाइल चोरी या गुम होने के बाद उसकी वापसी की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उन्हें उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। जीआरपी ने आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से 251 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए। इन मोबाइलों की कुल कीमत 45 लाख 18 हजार रुपये है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जीआरपी अनुभाग झांसी में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सर्विलांस और साइबर सेल की टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया जा रहा है। इसी क्रम में
शुक्रवार काे खाेये 251 मोबाइल फोन काे बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। मोबाइल मिलने पर कई लोगों ने बताया कि वे फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे। ऐसे में साल खत्म होने से पहले मोबाइल की वापसी उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जीआरपी अनुभाग झांसी ने कुल 975 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 24 लाख 75 हजार रुपये है। जीआरपी के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में 9 जनवरी को 170, 24 मार्च को 227, 25 मई को 218 और 1 सितंबर को 360 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस तरह अब तक कुल 975 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

