home page

कांशीराम कॉलोनी में भगवान की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, क्षेत्रवासियों में आक्रोश

 | 
कांशीराम कॉलोनी में भगवान की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, क्षेत्रवासियों में आक्रोश


कांशीराम कॉलोनी में भगवान की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, क्षेत्रवासियों में आक्रोश


पुलिस ने नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर कराया मामला शांत, आरोपियों की तलाश शुरू

झांसी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में देर रात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, कांशीराम कॉलोनी में स्थित मंदिर में देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने भगवान की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं तो वहां प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त देखकर उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मंदिर के पास एकत्र हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

घटना की सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी नगर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस अधिकारियों से प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस प्रशासन ने तत्काल नई प्रतिमाएं स्थापित कराकर धार्मिक स्थल की व्यवस्था बहाल कराई। शिकायतकर्ताओं से शिकायती पत्र लेकर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया