home page

गैंगरेप का फरार आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार,जेल भेजा

 | 
गैंगरेप का फरार आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार,जेल भेजा


सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहा था फरार

झांसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति की महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख नारायण राजपूत को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक अन्य आरोपित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित नारायण राजपूत पुत्र रामकिशन राजपूत निवासी रक्सा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। कुछ दिन पहले पीड़िता ने जिलाधिकारी, सीओ सदर समेत कई उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। पीड़िता ने आरोपी पक्ष पर धमकियां देने का भी आरोप लगाया था। बताया गया कि भय के चलते पीड़ित परिवार घर छोड़कर मध्य प्रदेश में रहने लगा था। उच्चाधिकारियों के संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।

पीड़िता के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान जीतू कुशवाहा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नारायण राजपूत ने घर में घुसकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन सितंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 0195/2026 दर्ज किया था। इसके बाद जीतू कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, न्यायालय में पीड़िता के भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 183 के तहत दर्ज बयान और गवाहों के साक्ष्यों के आधार पर विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) बढ़ाई गई और नारायण राजपूत का नाम भी शामिल किया गया। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि फरार आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया