home page

सड़क पर बैरियर लगाकर नग्न प्रदर्शन करने वाले चार किन्नर सहित पांच गिरफ्तार

 | 
सड़क पर बैरियर लगाकर नग्न प्रदर्शन करने वाले चार किन्नर सहित पांच गिरफ्तार


झांसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नवाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के गेट के सामने सड़क पर बैरियर लगाकर यातायात बाधित करने और नग्न होकर अश्लील प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने चार किन्नरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान राहगीरों से गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस के रोकने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और आत्महत्या करने की धमकी देकर सरकारी कार्य में बाधा डाली।

एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, 21 अक्टूबर को कोछा भांवर मोहल्ले में एरिया के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद हुआ था। दोनों पक्ष शिकायत लेकर नवाबाद थाने पहुंचे थे। इसी दौरान अंशिका उर्फ अभिषेक ने दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने के उद्देश्य से अपने साथ लाई गई फिनायल पीने का प्रयास किया था। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

इसी विवाद के क्रम में 24 अक्टूबर को पुलिस लाइन के सामने चार किन्नरों और उनकी सहयोगी ने सड़क के दोनों ओर बैरियर लगाकर यातायात रोक दिया।

पुलिस के मुताबिक, सभी नग्न अवस्था में प्रदर्शन करते हुए राहगीरों से अभद्रता कर रहे थे। रोकने पर पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की गई। प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पांचों को हिरासत में लेकर यातायात व कानून व्यवस्था सामान्य कराई। उपनिरीक्षक रामकरन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया