home page

भंडाफोड़ : झांसी में डिफेंडर का बोर्ड लगाकर हो रहा था नकली सिगरेट बनाने का कारोबार, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
भंडाफोड़ : झांसी में डिफेंडर का बोर्ड लगाकर हो रहा था नकली सिगरेट बनाने का कारोबार, एक आरोपित गिरफ्तार


एक गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया दो करोड़ से अधिक का माल व मशीनरी

झांसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नामी कंपनी आईटीसी के गोल्ड फ्लेक और विल्स ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही नकली सिगरेट, तंबाकू, पैकेजिंग सामग्री और सिगरेट बनाने वाली मशीनरी बरामद की है। जब्त किए गए माल की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

एसएसपी विकास कुमार ने साेमवार काे पत्रकारों को बताया कि आईटीसी कंपनी की लीगल सेल टीम को जानकारी मिली थी कि नवाबाद क्षेत्र में किराये के मकान में अवैध तरीके से कंपनी के ब्रांड की नकली सिगरेट तैयार की जा रही है। इसकी शिकायत उन्होंने नवाबाद पुलिस से की थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नवाबाद पुलिस ने टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार किए जाने का खुलासा हुआ।

छापेमारी के दौरान पुलिस को सिगरेट रोल करने वाली मशीनरी, पैकेजिंग सामग्री, भारी मात्रा में तंबाकू, गोल्ड फ्लेक और विल्स ब्रांड के डुप्लीकेट रैपर तथा तैयार नकली सिगरेट का स्टॉक मिला। पुलिस ने बरामद समस्त सामग्री को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर जीएसटी विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को भी बुलाया। बरामद सामग्री को नियमानुसार सील कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नकली सिगरेट की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी।

एसएसपी ने बताया कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस बरामद माल, मशीनरी और पैकेजिंग सामग्री के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शनिवार व रविवार को संचालित होती थी फैक्ट्री

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रीनिवास मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला बताया गया है और झांसी में रहकर कथित रूप से नकली सिगरेट तैयार करने का काम कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि फैक्ट्री शनिवार और रविवार को संचालित की जाती थी, जबकि सप्ताह के अन्य दिनों में इसे बंद रखा जाता था।

डिफेंडर कंपनी के नाम का लगा था बोर्ड

पुलिस के मुताबिक,आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए मकान के बाहर ‘डिफेंडर’ नाम की कंपनी का बोर्ड लगा रखा था। इसी की आड़ में किराये के मकान में नकली सिगरेट तैयार करने का काम किया जा रहा था। तैयार माल को झांसी के अलावा आसपास के जिलों में सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया