home page

झांसी में 10 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के दो आरोपित गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

 | 
झांसी में 10 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के दो आरोपित गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


झांसी में 10 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के दो आरोपित गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


झांसी, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने झपटमारी यानी चेन स्नैचिंग की घटना का महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने उसके दूसरे साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को आवास विकास के पीछे शिवाजी नगर निवासी महेंद्र राजपूत ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रानी राजपूत अपने बेटे देवांश को ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। एक युवक लाल रंग की शर्ट में मोटरसाइकिल से था। दूसरा नीली शर्ट और भगवा गमछा पहने पैदल चल रहा था। शिवाजी नगर में नरेन्द्र राजपूत के घर के सामने पहुंचते ही पैदल चल रहे युवक ने झपट्टा मारकर रानी का मंगलसूत्र खींच लिया। इसके बाद दोनों आरोपित मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर नवाबाद पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने मुस्तरा रोड से कैलाश रेजीडेंसी जाने वाली सड़क के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपित बिजेंद्र पुत्र शिवदयाल निवासी ग्राम धुआनी, थाना चिरगांव ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बिजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उसके साथी आशीष विश्वकर्मा निवासी मोहल्ला बनियान, कोछाभवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस, छीना गया मंगलसूत्र, घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और 1,250 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में नवाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया