ड्रग सप्लायर परवेज हत्याकांड : फरार चार और आरोपित गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल
झांसी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा हाट मैदान में पांच दिन पूर्व ड्रग सप्लायर परवेज अली की हत्या के मामले में फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों को पुलिस ने रविवार काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 15 सितंबर की रात प्रेमनगर पुलिस को नगरा हाट मैदान में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में घटना को हादसा माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या में बदल गया। मृतक की पहचान नहर किनारे निवासी परवेज अली के रूप में हुई।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले प्रेमनगर थाने में तैनात बांदा के तिंदवारी निवासी आशीष, प्रियांश सोनी,अर्सिल खान, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र रायकवार, यश शिवहरे और शनि नामदेव समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में सामने आया कि परवेज नशीले पदार्थों की तस्करी करता था और पूर्व में जम्मू-कश्मीर से भी जेल जा चुका था। घटना वाले दिन आरोपियों ने कथित तौर पर ड्रग लेने के लिए परवेज को ऑनलाइन पांच हजार रुपये का भुगतान किया और उसे चार पहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए थे। इनमें बड़ागांव गेट बाहर निवासी शिवम गुप्ता पुत्र मुरारी लाल, सैयर गेट निवासी फरहान, तलैया मोहल्ला निवासी अफाक और ओरछा गेट निवासी अभिषेक पुत्र संजय शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

