home page

खुलासा : ड्रग सप्लायर हत्या के सात आरोपित गिरफ्तार, चार फरार

 | 
खुलासा : ड्रग सप्लायर हत्या के सात आरोपित गिरफ्तार, चार फरार


अवैध वसूली के लिए बनाया था वीडियो, मारपीट में बिगड़ी हालत; प्रेमनगर थाने का सिपाही भी आरोपी

झांसी, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा हाट मैदान में ड्रग सप्लायर परवेज अली की मौत के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। हत्याकांड में प्रेमनगर थाने में तैनात सिपाही आशीष सिंह की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का उद्देश्य परवेज की हत्या करना नहीं, बल्कि ड्रग सप्लाई करते हुए उसका वीडियो बनाकर उसे डरा-धमकाकर अवैध वसूली करना था।

पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि 13 सितंबर की रात नगरा हाट के मैदान में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहर के पास रहने वाले परवेज अली के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान मिले, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मृतक के मोबाइल की सीडीआर खंगाली तो जांच की दिशा सुकुवा-डुकुवा कॉलोनी की ओर गई। पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात परवेज अपने मित्र के यहां पहुंचा था। रात करीब नौ बजे साहिल का फोन आने के बाद वह मित्र की बाइक से कॉलोनी के बाहर पहुंचा और साहिल की गाड़ी में बैठ गया। उसके आगे और पीछे दो चार पहिया वाहन भी चल रहे थे। इससे पहले ड्रग का सैंपल देखने और लेने के नाम पर परवेज के मोबाइल पर पांच हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया था।

एसएसपी के अनुसार गाड़ी के भीतर परवेज का वीडियो बनाने को लेकर आरोपियों से उसका विवाद हुआ। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने के बाद आरोपी उसे नगरा हाट मैदान में छोड़कर चले गए। जमीन पर गिरने से उसके सिर में भी गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घास मंडी निवासी प्रियांश, जुगियाना निवासी जय श्रीवास्तव,साहिल मिश्रा,कोतवाली क्षेत्र के तलैया निवासी अर्शील खान, बंगला घाट निवासी भूपेंद्र रायकवार, लक्ष्मीपुरम कॉलोनी निवासी यश शिवहरे और शनि नामदेव समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध वसूली की योजना की बात स्वीकार की।

एसएसपी ने बताया कि मामले में प्रेमनगर थाने का सिपाही और बांदा जिले के तिंदवारी निवासी आशीष सिंह भी आरोपियों के साथ शामिल था। पुलिस ने सिपाही समेत सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। परवेज के शरीर पर मिले दांत से काटने के निशानों के संबंध में भूपेंद्र और शनि के नमूने लेकर एफएसएल भेजे जा रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि परवेज पूर्व में जम्मू-कश्मीर में ड्रग सप्लाई के आरोप में जेल जा चुका था और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया