home page

झांसी में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, आक्रोशित ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

 | 
झांसी में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, आक्रोशित ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग


झांसी में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा, आक्रोशित ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग


-थाना चिरगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा की घटना

झांसी, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में थाना चिरगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष, बच्चे, भीम आर्मी तथा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घटनास्थल पर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह ही घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दे दी गई थी, लेकिन उनके देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की अन्य समस्याओं को भी उठाया। लोगों का कहना था कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। इसी बात को लेकर ग्राम प्रधान से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोंठ असमा वकार, तहसीलदार मोंठ, थाना प्रभारी राहुल राठौर, एसएसआई आनंद सिंह सहित चिरगांव थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि कुछ समय पूर्व ग्राम करगवां में भी बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना हुई थी, लेकिन उस मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी कारण देवरा की घटना को लेकर लोगों में अधिक नाराजगी और असंतोष दिखाई दिया। मौके पर मौजूद भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, रवि आजाद एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने तथा बाबा साहेब अंबेडकर के नाम दर्ज भूमि का निष्पक्ष सत्यापन कराने की भी मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में सीओ मोंठ असमा वकार ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया