महिला मित्र व उसके बेटे का हत्यारोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल
झांसी, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में लहचूरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते दिनों महिला मित्र और उसके मासूम बेटे की निर्मम हत्या करने वाले हत्यारोपित की बुधवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौठा में 5 अप्रैल को ग्राम प्रधान रामप्रसाद ने सड़क किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान नीलू देवी निवासी गुड़गांव के रूप में हुई, जो अपने तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा के साथ ग्राम बरौटा निवासी चतुर्भुज उर्फ दीपक पटेल से पिछले 6 माह से संपर्क में थी और दोनों के बीच संबंध थे। मृतक महिला नीलू का पति गुजरात में काम करता था। 1 अप्रैल को दीपक उसे गुड़गांव से अपने साथ लेकर बरौटा आया था। 2 अप्रैल की रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जब नीलू ने अपने पति के पास वापस जाने की बात कही तो नाराज दीपक ने गुस्से में कुल्हाड़ी से नीलू के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जागे मासूम कृष्णा को भी आरोपित ने नहीं बख्शा और उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपित ने दोनों शवों को छिपाने का प्रयास किया। 4 अप्रैल की रात वह शवों को बाइक से ले जाकर महिला का चेहरा पत्थर से कुचलकर शव सड़क किनारे फेंक आया, जबकि बच्चे के शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया और जब महिला नीलू की लाश बरामद हुई तो साक्ष्य मिटाने के लिए भूसे के ढेर में आग लगाकर बच्चे के शव को जला दिया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर गठित टीम ने सर्विलांस के जरिए आरोपित की तलाश शुरू की। देर रात नहर के पास पुलिस और स्वाट टीम का सामना आरोपी से हो गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली लहचूरा थानाध्यक्ष सरिता मिश्रा की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर दबोच लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस और 2 मोबाइल फोन बरामद किये गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

