home page

साइबर ठगी के 28.51 लाख रुपये पुलिस ने कराए वापस, पीड़ित के चेहरे पर लौटी खुशी

 | 
साइबर ठगी के 28.51 लाख रुपये पुलिस ने कराए वापस, पीड़ित के चेहरे पर लौटी खुशी


झांसी, 08 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ झांसी पुलिस की मुहिम में एक और बड़ी सफलता मिली है। नवाबाद थाना क्षेत्र की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति की 28 लाख 51 हजार 864 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।

थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव के अनुसार, नवाबाद थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार सिंह साइबर ठगी का शिकार हुए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और ठगी की रकम जिन बैंक खातों में पहुंची थी, उन्हें तत्काल होल्ड कराया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए ठगी गई पूरी रकम को पीड़ित के पक्ष में सफलतापूर्वक रिफंड करा दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि वापस मिल गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम को धन्यवाद दिया।

झांसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधियों से सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें, ताकि रकम को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया