home page

मोंठ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एटीएम ठगी के शिकार हरदास महाराज को मिले 1.53 लाख रुपये वापस

 | 
मोंठ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एटीएम ठगी के शिकार हरदास महाराज को मिले 1.53 लाख रुपये वापस


झांसी, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मोंठ थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर की गई ठगी के मामले में पुलिस और साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। ऋषिकेश-हरिद्वार निवासी हरदास महाराज के बैंक खाते से निकाले गए 1.53 लाख रुपये पुलिस ने सफल कार्रवाई के बाद वापस उनके खाते में जमा करा दिए।

जानकारी के अनुसार, हरदास महाराज कुछ दिन पूर्व मोंठ तहसील क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान अज्ञात ठगों ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। कार्ड बदलने के बाद आरोपियों ने उनके बैंक खाते से कुल 1.53 लाख रुपये की निकासी कर ली। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर हरदास महाराज ने तत्काल मोंठ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही मोंठ पुलिस और साइबर टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेन-देन और संदिग्ध खातों की जानकारी जुटाकर तेजी से जांच शुरू की। जांच के दौरान ठगी की गई राशि जिन खातों में पहुंची थी, उन्हें समय रहते होल्ड करा दिया गया, जिससे धनराशि आगे ट्रांसफर नहीं हो सकी।

आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने पूरी 1.53 लाख रुपये की राशि हरदास महाराज के बैंक खाते में वापस जमा करा दी। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर हरदास महाराज ने मोंठ पुलिस और साइबर टीम की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती, तो उनकी रकम वापस मिलना मुश्किल हो सकता था।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें, किसी भी अजनबी की सहायता लेने से बचें और कार्ड बदलने या संदिग्ध गतिविधि का संदेह होने पर तुरंत बैंक तथा पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधों में त्वरित शिकायत और समय पर कार्रवाई से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया