home page

चिरगांव के देवरा गांव में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश

 | 
चिरगांव के देवरा गांव में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, मरम्मत कराकर प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने का काम शुरू

झांसी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार को घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और नाराजगी जताई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को थाना चिरगांव क्षेत्र के ग्राम देवरा से बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, प्रशासन की देखरेख में क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराने का काम शुरू कराया गया। प्रतिमा को पूरी तरह दुरुस्त कराकर उसी स्थान पर दोबारा स्थापित कराने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी और ग्रामीणों से आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की एक टीम संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, इस मामले में तहरीर प्राप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है तथा घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया