home page

होर्डिंग फाड़ने पर सपा जिलाध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 

झांसी, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में पेपर लीक प्रकरण को लेकर भाजपा पार्षद अमित राय द्वारा राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मुंह पर पट्टी बांधे हुए लगाई गई होर्डिंग फाड़ने के मामले में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र भोजला और समाजवादी युवजन सभा के नेता विश्वप्रताप सिंह समेत अन्य के खिलाफ नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ग्राम सिमराहा निवासी पार्षद अमित राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने नगर निगम द्वारा निर्धारित शुल्क जमा कराकर इलाईट चौराहा समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग लगवाई थीं। आरोप है कि 13 अगस्त की शाम करीब साढ़े चार बजे समाजवादी पार्टी के नेता बृजेंद्र भोजला, विश्वप्रताप सिंह और उनके साथ आए आठ-दस लोगों ने होर्डिंग फाड़ दीं।

थाना प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि पार्षद की शिकायत पर बृजेंद्र भोजला, विश्वप्रताप सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 352, 351(2) और 324 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना को लेकर दोनों राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया