home page

झांसी में पीएनबी के मैनेजर-कर्मचारी पर 80 लाख रुपये हड़पने का आरोप, चार पर मुकदमा दर्ज

 | 

अधिक ब्याज का लालच देकर बैंक के अंदर पिछले कमरे में मंगवाते रहे रकमन रसीद दी और न खाते में पैसा पहुंचा; आईजी के आदेश पर कार्रवाई

झांसी, 20 नवंबर (हि.स.)। पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा में ग्राहकों के 80 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक और कर्मचारी ने अधिक ब्याज दिलाने का झांसा देकर ग्राहकों से अलग-अलग किस्तों में रकम ली, लेकिन उसे बैंक की किसी स्कीम में जमा नहीं किया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर जांच कराई गई। इसके बाद रक्सा थाना पुलिस ने बैंक के तत्कालीन प्रबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

रक्सा थाना क्षेत्र के नयाकुंवा निवासी अभिषेक राजपूत और गनेशगढ़ निवासी करन सिंह राजपूत ने आईजी को शिकायती पत्र देकर बताया कि दोनों रिश्तेदार हैं। उनके परिवारों की पुश्तैनी जमीन बीड़ा परियोजना में अधिग्रहित हुई थी। इसके एवज में करन सिंह के परिवार को करीब 80 लाख और अभिषेक के परिवार को लगभग 35 लाख रुपये मिले थे। करन सिंह और उनके पिता हरनारायण का खाता नंदनपुरा स्थित पीएनबी शाखा में था।

आरोप है कि बैंक कर्मचारी दीनदयाल अहिरवार ने रकम पर अधिक ब्याज और मुनाफा दिलाने के लिए बैंक की विशेष स्कीम में निवेश कराने का भरोसा दिया। उसने तत्कालीन शाखा प्रबंधक प्रीतमदास से मुलाकात भी कराई। दोनों ने रकम सुरक्षित जमा कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि कैश काउंटर पर पैसा जमा करने के बजाय दीनदयाल को बैंक के अंदर पिछले कमरे में नकदी देने को कहा गया।

शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2024 में करन सिंह ने अपने और परिवार के हिस्से के 64 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में दिए, जबकि अभिषेक ने अपने पिता और ससुराल पक्ष की ओर से 16 लाख रुपये सौंपे। अंतिम बार 17 अप्रैल 2026 को अभिषेक ने आठ लाख रुपये दिए। आरोप है कि किसी भी रकम की रसीद नहीं दी गई। मैसेज नहीं आने पर फिक्स्ड स्कीम का हवाला देकर उन्हें भरोसा दिलाया जाता रहा।

पीड़ितों का दावा है कि कर्मचारी ने फोन पर 80 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है और इसकी कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास है। उन्होंने बैंक के सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर से भी जांच कराने की मांग की है। रकम वापस मांगने पर अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया।

रक्सा पुलिस ने आईजी आकाश कुलहरि के आदेश पर दीनदयाल अहिरवार, अंबर अहिरवार, अवधेश कुमार और तत्कालीन शाखा प्रबंधक प्रीतमदास के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया