home page

अधिवक्ताओं के प्रदर्शन दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट, मोबाइल लूटने का आरोप; चार अधिवक्ता नामजद

 | 
अधिवक्ताओं के प्रदर्शन दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट, मोबाइल लूटने का आरोप; चार अधिवक्ता नामजद


जेल चौकी इंचार्ज और हमराही सिपाही से धक्का-मुक्की व अभद्रता

दो नामजद अधिवक्ताओं का आपराधिक इतिहास आया सामने

झांसी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और वकीलों के बीच टकराव हो गया। प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे जेल चौकी इंचार्ज और उनके हमराही सिपाही के साथ कुछ अधिवक्ताओं द्वारा मारपीट, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस दौरान वीडियो बना रहे पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। मामले में चार अधिवक्ताओं को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं द्वारा नारेबाजी किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर जेल चौकी इंचार्ज मोहित हमराही आरक्षी के साथ मौके पर पहुंचे। वहां अधिवक्ताओं का प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान चौकी इंचार्ज के हमराही द्वारा प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की गई। आरोप है कि इससे आक्रोशित होकर अधिवक्ताओं के समूह में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की तथा मोबाइल फोन लूट लिया।

पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें अविनाश, आजाद, दीपू और देवेंद्र को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, अविनाश के खिलाफ पहले से दो और देवेंद्र के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं, आजाद और दीपू का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया