झांसी : लाखों की ठगी में मामले दो साल से फरार 25 हजार का इनामी चिकित्सक पत्नी समेत गिरफ्तार
झांसी व उरई में डॉ. दंपति पर कुल 11 मुकदमे दर्ज, किसी को बालू घाट तो किसी से नौकरी के नाम पर ठगी
झांसी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में लोगों को रुपये कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने शनिवार को दो साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित एक डॉक्टर और उसकी पत्नी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 03 अक्टूबर 2024 को उरई निवासी ओमप्रकाश वर्मा ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि डॉ. बीरेन्द्र सिंगरिया और उसकी पत्नी पूजा शर्मा ने एक्स-रे/पैथोलॉजी लैब में पार्टनरशिप का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज व डीड तैयार कर उनसे और उनकी पुत्रवधू से कुल 25 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर भी आरोपितों ने भुगतान नहीं किया। शिकायत के आधार पर नवाबाद थाने में धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के खिलाफ उनके अस्पताल विद्या हेल्थ केयर, शिवाजीनगर के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रुपये लेने के संबंध में झांसी के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे डॉक्टर बीरेन्द्र सिंगरिया पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 25 सितंबर को नवाबाद थाना पुलिस को सर्विलांस सेल की मदद से आरोपितों की लोकेशन पंजाब प्रांत के मोहाली में मिली। जिसके आधार पर एक पुलिस टीम ने 290, सेक्टर 77, मोहाली पहुंचकर इनामी फरार आरोपित डॉक्टर बीरेन्द्र सिंगरिया (36) और उसकी पत्नी पूजा शर्मा (30) को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टर बीरेन्द्र के खिलाफ झांसी और जालौन में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उनकी पत्नी पूजा शर्मा के खिलाफ भी चार मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक तोमर, सर्विलांस टीम समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अन्य लोगों ने भी लगाए आरोप
थाना नवाबाद पहुंचे भगवंतपुरा निवासी भरत ने बताया कि डॉक्टर बीरेन्द्र ने उसके साथ साथ 40-50 लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों रुपये लिए हैं। वहीं थाने पहुंचे राजकुमार स्वर्णकार ने बताया कि बालू घाट में पार्टनर बनाने के नाम पर उनसे डॉक्टर बीरेन्द्र ने लाखों की ठगी की और रकम भी वापस नहीं दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

