हत्या के प्रयास में तीन आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
झांसी, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना रक्सा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार काे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार थाना रक्सा में दर्ज मुकदमा संख्या 130/2026 धारा 352(2), 115(1) एवं 109 बीएनएस के अंतर्गत जयचंद रायकवार, पवन रायकवार तथा मुन्ना रायकवार, निवासी ग्राम अठौंदना, थाना रक्सा को गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी डोंगरी उपनिरीक्षक शिव सागर, मुख्य आरक्षी ठाकुर प्रसाद, आरक्षी अजीत कुमार, आरक्षी विकास साक्य तथा चालक कांस्टेबल उमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

